झींझक (कानपुर देहात)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र भेजकर व्यापारी नेता श्याम मोहन दुबे ने झींझक स्टेशन पर संगम और महानंदा एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव शुरू करने की मांग है।
बता देंकि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख के लोग झींझक रेलवे स्टेशन से होकर सफर करते हैं। रामनाथ कोविंद जब सांसद थे तो झींझक में गोमती एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव था। उनके राष्ट्रपति बनने पर क्षेत्रीय जनता में और ज्यादा विकास होने की उम्मीद जगी। युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने राष्ट्रपति भवन को भेजे पत्र में लिखा है कि 26 नवंबर को 4163 संगम एक्सप्रेस व 4113 लिंक एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया। उन्होंने रेलवे को लिखित रूप से अवगत कराया था कि ट्रेन का ठहराव बंद होने से लोगों को दिक्कत होगी। लेकिन दोबारा ठहराव नहीं हुआ। दूसरी ओर 10 दिसंबर से 5483 और 5484 महानंदा एक्सप्रेस के ठहराव को भी बंद करने का नोटिस स्टेशन पर चस्पा कर दिया। इसको लेकर यहां के लोगों में रोष है। इससे पूर्व 2428 रीवा एक्सप्रेस का ठहराव बंद होने पर उन्होंने राष्ट्रपति भवन को अवगत कराया था। तब जाकर रीवा एक्सप्रेस का ठहराव बहाल किया गया। व्यापारी नेता ने राष्ट्रपति से ट्रेनों का बंद संचालन फिर से कराने की मांग की है।