कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरियापुर गांव में एक ही रात चोरों ने तीन घरों में धावा बोल दिया। चोर एक घर में ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये का जेवर चोरी कर ले गए। दो घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन घर के लोगों की नींद खुलने पर चोर भाग गए। एक मकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर ले गए। पड़ोसी गांव कुईत मंदिर में चोरों ने एक घर में चोरी का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
गौरियापुर गांव में पंचम सिंह के यहां छत से चढ़कर घर में घुसे चोरों ने अलमारी के ताला तोड़कर सोने, चांदी के डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और 15 सौ रुपये नकदी चोरी कर ले गए। सुबह आंख खुलने पर घर में सामान बिखरा देख घटना की जानकारी हुई। वहीं चोरों ने गांव के ही राजेश अग्निहोत्री के घर में धावा बोला। परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। एक कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ रहे थे तभी नींद खुलने पर लोगों ने शोर मचाया तो चोर मौके से भाग गए।
घर से कोई सामान नहीं ले जा सके। गांव के बाहर हाईवे किनारे मकान बनाकर रहने वाले श्यामबाबू गुप्ता की बाइक चोरी कर ले गए। सुबह बाइक गायब देखकर पुलिस को सूचना दी। दरोगा यतेंद्र सिंह ने छानबीन की। चोरों ने पड़ोस के गांव कुइत मंदिर में गुड्डू सिंह के यहां चोरी का प्रयास किया। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि छानबीन की जा रही है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।