फतेहपुर के गड़रियनपुरवा इलाके में प्रयागराज रोड पर सोमवार सुबह पांच बजे तेज रफ्तार ट्रक ने जिम जा रहे तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घरों के चिराग बुझने से मोहल्लों में मातम छा गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
तीनों युवक सोमवार सुबह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। नेशनल हाईवे-2 पर गड़रियनपुरवा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान स्पर्श गौतम (19) निवासी चित्रांश नगर, अनुज पाल (19) निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी थाना राधानगर और विश्वेश पटेल निवासी तांबेश्वर मंदिर के पास के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।