कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे (एनएच-34) पर हमीरपुर स्थित यमुना ब्रिज के क्षतिग्रस्त पिलरों की मरम्मत कराई जा रही है। इसके चलते 21 जुलाई तक हर शनिवार व रविवार को डायवर्जन लागू रहेगा। यह शनिवार सुबह चार बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। अन्य दिनों में यातायात सामान्य रहेगा।
डायवर्जन के कारण उन्नाव की तरफ से आने वाले वाहन जिन्हें घाटमपुर-सजेती यमुना ब्रिज होकर हमीरपुर जाना है, वह रामादेवी चौराहे से चौडगरा फतेहपुर होकर चिल्ला घाट पुल से बांदा होते हुए आगे जा सकेंगे। नौबस्ता से घाटमपुर होकर हमीरपुर जाने वाले वाहन कानपुर देहात के बाराजोड़ मोड़ से बाएं मुड़कर पुखरायां, भोगनीपुर, कालपी व जोल्हूपुर मोड़ होकर जाएंगे। औरैया की तरफ से आने वाले वाहन जिन्हें घाटमपुर होकर हमीरपुर जाना है, उन्हें भी पुखरायां, भोगनीपुर व जोल्हूपुर मोड़ होकर जाना होगा। रमईपुर, बिधनू पतारा की तरफ से आने वाले वाहन घाटमपुर चौराहा से दाहिने मूसानगर मनकी पुल से कुरारा होते हुए जाएंगे। डायवर्जन के कारण प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। यातायात संबंधी समस्या होने पर ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9305104340 और यातायात हेल्पलाइन नंबर 9305104387 पर कॉल कर मदद ली जा सकती है।