कानपुर। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त कर दी गई है। 28 अप्रैल की शाम से 29 अप्रैल की दोपहर तक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके तहत शहर से गुजरने वाले भारी वाहनों के रूट बदल दिए गए हैं।
29 अप्रैल 2026 को हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम का कार्यक्रम है। ट्रैफिक पुलिस ने कानपुर में 28 अप्रैल की शाम छह बजे से 29 अप्रैल दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष प्रतिबंध और रूट डायवर्जन रहेगा। ऐसे में दिल्ली की ओर से आने वाले भारी वाहन नानामऊ तिराहा से बांगरमऊ होते हुए हरदोई नहीं जा सकेंगे। यह वाहन नानामऊ से आगे बढ़कर उन्नाव की ओर मुड़ेंगे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य तक जाएंगे। औरैया की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को भी नानामऊ तिराहा से आगे हरदोई की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें उन्नाव से डायवर्ट कर एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा।
कानपुर नगर से शिवराजपुर और चौबेपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन भी नानामऊ होकर हरदोई की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। इसके अलावा उन्नाव पावर हाउस पुल से बिठूर की ओर आने वाले भारी वाहनों को मंधना तिराहा से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। चौबेपुर से आने वाले वाहनों को भी बिठूर से उन्नाव की ओर जाने से रोका जाएगा और उन्हें शिवराजपुर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को मकनपुर रेलवे क्रॉसिंग रोड (दोनों ओर), लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर अरौल कट के पास और फूड प्लाजा के पीछे रोका जाएगा। इन स्थानों पर करीब 500 भारी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।