इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कंट्रोल रूम की जगह बदल गई है। पुलिस लाइंस की बजाय अब कंट्रोल रूम रेल बाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइंस में बनेगा। शुक्रवार को केडीए और ट्रैफिक पुलिस के अफसरों ने कंट्रोल रूम की जगह का निरीक्षण कर लिया है। कमिश्नर ने भी नई जगह पर मंजूरी दे दी है। इसी माह कंट्रोल रूम का निर्माण शुरू हो जाएगा।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और जाम से निजात के लिए बनाया जा रहा आईटीएमएस को जल्द लागू करने की तैयारी चल रही है। इसमें सभी चौराहों पर सेंसरयुक्त कैमरे लगाने के साथ ही शहर के प्रमुख 30 जगहों पर वैरिएबल मैसेज साइन (वीएमएस) स्क्रीन लगेंगी। इनके जरिए किसी रोड पर लगे जाम की जानकारी हो सकेगी। ऐसे में उस रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकेगा।
वेहिकल सेंसर के जरिए गलत तरीके से ड्राइविंग करने वाले पकड़ में आएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया जाना है। इससे पूर्व पुलिस लाइंस में डायल100 कंट्रोल रूम के बगल में ही ट्रैफिक सिस्टम का रूम बनाया जाना था। जमीन मिलने में देरी होने के चलते केडीए अफसरों ने नई जगह का चयन किया है। केडीए चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने बताया कि ट्रैफिक लाइंस में कंट्रोल रूम के लिए खाली जगह मिल गई है। 25 अक्तूबर को टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कंट्रोल रूम का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।