कानपुर में नया शिवली रोड तिराहा पर पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक सिपाही को बाइक सवार युवकों ने पीट दिया। मारपीट के दौरान सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को दबोच लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। सिपाही ने आरोपियों के खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यातायात पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार मंगलवार को नया शिवली रोड तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। अजय के मुताबिक शाम को बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवकों को टोका। इस पर दोनों गालीगलौज करते हुए निकल गए। थोड़ी देर बाद युवक अपने दो साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचा और सिपाही से गालीगलौज करने लगा। सिपाही ने विरोध किया, तो दबंगों ने मारपीट करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी।