कानपुर। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज की अगुवाई में केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय से मिलकर ज्ञापन दिया। इसमें श्यामनगर व अन्य क्षेत्र में व्यापारियों को भेजे जा रहे विनियमितीकरण के नोटिसों पर विरोध जताया। अब नोटिस भेजने से पहले कार्यशाला आयोजित करने की मांग उठाई।
महामंत्री कृपाशंकर त्रिवेदी, श्यामनगर व्यापार मंडल के चेयरमैन महेंद्र गुप्ता और अध्यक्ष अवनीश शुक्ला ने कहा कि कार्यशाला में बताया जाए कि किस हिसाब से शमन, व्यावसायिक और अन्य शुल्क जमा करना है। इसके साथ शुल्क को कम किया जाए और भुगतान किस्तों में लिया जाए। व्यापारी ऑनलाइन व्यापार से इतना ज्यादा प्रभावित है कि उसके पास धन की व्यवस्था नहीं है। सचिव ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर महेंद्र गुप्ता, पवन वर्मा, अनूप शुक्ला, मनोज जैन, संदीप पांडेय, संजय शर्मा, राजेंद्र चौधरी, अमित गुप्ता, सचिन गुप्ता, नरेश तिवारी, अजित सिंह आदि रहे। (ब्यूरो)