रूरा। कस्बा में रविवार को व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने रूरा रेलवे स्टेशन को जनपद मुख्यालय स्टेशन घोषित न किए जाने व कोविड के दौरान बंद की गई ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू न करने पर रोष जताया। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर कमेटी की बैठक नगर अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा छोटे भैया की अध्यक्षता में हुई। बैठक जिला उपाध्यक्ष अवधेश शुक्ला के आवास पर हुई। व्यापारियों ने कोरोना काल के दौरान बंद हुए मुरी, संगम व कोटा पटना एक्सप्रेस ट्रेनों का दोबारा ठहराव न होने पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि ट्रेनों के ठहराव न होने से आवागमन के साथ उनके व्यापार पर भी प्रभाव पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांगों का निराकरण न होने पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने चुनाव के सामूहिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। यहां व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता मोनू, अनूप ओमर, प्रकाश वर्मा, हरिओम, दुर्गेश दीक्षित, सर्वेश स्वर्णकार, जगदीप गुप्ता, अंकुर गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, डॉ. राम किशोर गुप्ता, राकेश गुप्ता, विनय बाजपेई, अवनीश मिश्रा, पप्पू वैश्य रहे।