कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के दलनपुर नई बस्ती स्थित बंबा में बुधवार दोपहर टेंट का सामान ले जा रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टेंट हाउस में काम करने वाला चालक रामनाथ (35) सीट समेत दलदल में फंस गया जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति के डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ ने काफी देर सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई नहीं मिला।
नौबस्ता के आवास विकास दलनपुर निवासी रजेपाल का बेटा रामनाथ इलाके के ही आशीर्वाद टेंट हाउस में काम करता था। बुधवार दोपहर रामनाथ ट्रैक्टर-ट्राॅली पर टेंट का सामान लादकर दलनपुर मोड़ जा रहा था। ट्राॅली में सामान के साथ अन्य कर्मचारी सवार थे। दलनपुर नई बस्ती स्थित बंबा के पास से गुजरते समय ट्रैक्टर-ट्राॅली बेकाबू हुई।
ट्राॅली सवार चार युवक हादसा भांपकर कूदकर भाग निकले जबकि रामनाथ ट्रैक्टर समेत बंबा में गिर गया। वह दलदल में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। सूचना पर सेन पश्चिम पारा और नौबस्ता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन बुलाकर चालक को बाहर निकलवाया। अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली बेकाबू होकर बंबा में पलट गया था। चालक की मौत हो गई है।
बिलख पड़ी अनाथ हुई मासूम बेटी
रामनाथ की मौत से उसकी 10 वर्षीय इकलौती बेटी छवि अनाथ हो गई। परिजन के अनुसार रामनाथ की पत्नी नीतू करीब आठ साल पहले उसे और ढाई साल की बेटी छवि को छोड़कर चली गई थी। रामनाथ ही बेटी को पाल रहा था। पिता की मौत की सूचना पर मासूम बिलख पड़ी।