नेपाली पर्यटकों से भरी बस खंती में जा गिरी
- फोटो : अमर उजाला
बांदा में नेपाल से चित्रकूट होकर आगरा जा रहे पर्यटकों की बस असंतुलित होकर बिजली का खंभा तोड़ते हुए खंती में गिर गई। इसमें सवार 35 पर्यटक बाल-बाल बचे। घटना बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे में रविवार को तड़के 4 बजे की है।
करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद बस निकाली गई। इसी बस से पर्यटक आगरा रवाना हुए। चिल्ला थाना क्षेत्र के तारा गांव के नजदीक पर्यटकों से भरी बस असंतुलित होकर हाईटेंशन लाइन का खंभा तोड़ते हुए सड़क किनारे पानी भरे खंती में जा गिरी।
टक्कर से बिजली का खंभा टूटा गया, गनीमत रही कि बस करंट की चपेट में नहीं आई। इससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। हादसे के बाद पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित निकाला।
पर्यटकों के मुताबिक चालक को झपकी आ जाने से बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। क्रेन से बस निकाली गई। लगभग 8 घंटे बाद सभी पर्यटक दुर्घटनाग्रस्त बस से ही गंतव्य स्थल के लिए रवाना हुए।
उधर, हाईटेंशन लाइन टूटकर बीच सड़क पर गिरने से लगभग एक घंटे तक जाम की नौबत रही। थाना पुलिस की सूचना पर आपूर्ति बंद होने के बाद आवागमन बहाल हुआ। देर शाम तक बिजली कर्मी खंभा और तार की मरम्मत में जुटे रहे।