कन्नौज में हुई मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका परिषद के जल निकासी के दावों की पूरी तरह पोल खोलकर रख दी है। भारी बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाके और गली-मोहल्ले पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है।
सबसे बुरा हाल तिर्वा क्रॉसिंग के पास स्थित कृष्णा नगर और अकबरपुर सराय घाघ क्षेत्र का है, जहां बारिश का पानी सड़कों पर कई फीट ऊपर तक बह रहा है। देखते ही देखते जलभराव इतना बढ़ गया कि नालों और सड़कों का पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया। लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं।