कानपुर में एक नहीं कई ऐसे छात्र हैं, जिनके जारी कटऑफ के अंतर्गत अंक आने के बाद भी लैपटॉप वितरित लिस्ट में नाम शामिल नहीं किया गया। स्टूडेंटों का आरोप है कि लैपटॉप वितरण की सूची गलत तरीके से बनाई गई है, इसकी एक बार फिर से जांच होनी चाहिए।
चाचा नेहरू स्मारक इंटर कालेज गोविंद नगर से हाईस्कूल पास छात्र मंगलेश मिश्रा ने बताया कि उनके अंक जारी कटऑफ के अंतर्गत हैं। इसके बाद भी उनका नाम लैपटॉप सूची में शामिल नहीं किया गया। इसी तरह इंटर की छात्र गीतिका वर्मा और अभय सिंह ने भी कटऑफ के आधार पर नंबर होने के बाद भी सूची में नाम नहीं होने पर प्रिंसिपल से लेकर डीआईओएस तक मामले की शिकायत की, पर सुनवाई नहीं हुई।
कई अन्य ने भी ऐसी शिकायतें की हैं। उधर, डीआईओएस का कहना है जो मेरिट जारी हुई है, उसमें एक समान अंक पाने वाले छात्रों की संख्या लैपटॉप से अधिक है। इसके चलते जन्मतिथि के आधार पर जो बड़ा है, उसे लैपटॉप दिया जा रहा है। डीआईओएस ने कहा कि फिर भी कोई मामले की शिकायत करता है तो जांच की जाएगी।