राजपुर। गर्मी और उमस के बीच राजपुर कस्बा में हो रही अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे नगर के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। नागरिकों ने बस स्टैंड के समीप बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने नागरिकों को समझाकर शांत कराया।
पटेल नगर निवासी श्यामू सिंह के नेतृत्व सैकड़ों लोगों ने बस स्टैंड के समीप इकट्ठा होकर बिजली कटौती बंद करो के नारों के साथ प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर कस्बा चौकी इंचार्ज गुरेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगातार कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। गर्मी में आधी रात को रोस्टिंग बताकर चार से पांच घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। मंगलवार रात करीब 10 बजे बिजली गुल होने पर लोगों ने उपकेंद्र पर संपर्क किया। कर्मचारियों ने तीन घंटे रोस्टिंग की जानकारी दी। इस पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया।
चौकी इंचार्ज ने अवर अभियंता राहुल साहू से फोन पर वार्ता कराकर लोगों को शांत कराया। विशाल, महेश, विवेक, जयराम, आकाश ने बताया कि अघोषित बिजली कटौती से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बीमारों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। पेयजलापूर्ति के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बिजली कर्मचारी 132 केवी पुखरायां से रोस्टिंग का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। जबकि नगर वासियों को पूरी रात जागकर गुजरना पड़ रही है। अवर अभियंता राहुल साहू ने बताया कि उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है।