टोल बूथ पर बढ़ी दरों के पोस्टर चस्पा कराते डीजीएम मनोज शर्मा।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। बारा टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहन स्वामियों को गुरुवार से बढ़ी दरों पर टैक्स चुकाना होगा। टोल प्रबंधन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बारा टोल प्लाजा पर फास्टैग सिस्टम लागू होने के बाद वाहनों से होने वाले टैक्स की दरों में बढ़ोत्तरी की गई है। एक अप्रैल से वाहन मालिकों को बढ़े टोल टैक्स को अदा करना होगा। पूर्व में कार सवारों को 220 रुपये टैक्स देना पड़ता था। अब पांच रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। कार सवारों को 225 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह बस व ट्रकों को 700 रुपये के स्थान पर 720 रुपये का टोल चुकाना होगा। थ्री एक्सल वाहनों को 765 रुपये के स्थान पर 790 रुपये, भारी वाहनों को 1075 रुपये के स्थान पर 1110 रुपये व ओवर साइज वाहनों को 1360 रुपये के स्थान पर 1405 रुपये टोल देना होगा। वहीं लोकल पास में भी दस रुपये का इजाफा किया गया है। उन्हें अब 275 रुपये के स्थान पर 285 रुपये टोल टैक्स चुकाना होगा। बुधवार को टोल अधिकारी व कर्मी पूरे दिन सभी बूथों पर बढ़ी दरों के पंपलेट, पोस्टर आदि चस्पा करते रहे। वाहन स्वामियों को टोल की बढ़ी दरों के बारे में जानकारी मिल सके।
बारा टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से बढ़ी दरों पर टैक्स लिया जाएगा। सभी बूथों पर इस बारे मेें पंपलेट आदि चस्पा कर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वाहन स्वामियों को जानकारी देने के लिए टोल पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात रहेंगे।
- मनोज शर्मा, डीजीएम बारा टोल