कानपुर में कोरोना संक्रमण का फैलाव बुधवार को धड़ाम हो गया। 273 दिन के बाद बुधवार को कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला। इसके पहले 19 मई 2020 को कोरोना संक्रमितों की संख्या शून्य रही थी। 16 और 19 अप्रैल 2020 और 10 और 11 मई को भी कोरोना संक्रमितों की संख्या शून्य रही थी।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध 2908 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच कराई गई तो एक भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव नहीं आई है। इनमें आरटीपीसीआर जांच भी कराई और एंटीजन टेस्ट भी हुआ था।
मेडिकल कालेज के माइक्रो बायोलॉजी विभाग की कोविड लैब से आरटीपीसीआर जांचें दो सप्ताह से लगातार निगेटिव आ रही थीं। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार मिश्रा का कहना है कि लोग अभी एहतियात बरतें। मास्क लगाकर निकलें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
एक नजर
- 24 मार्च 2020 को मैनावती मार्ग पर पहला कोरोना पॉजिटिव मिला
- 3 अप्रैल 2020 को चार कोरोना पॉजिटिव मिले, इनमें एक बाबूपुरवा और तीन प्रहलादनगर दिल्ली के थे।
- कोरोना संक्रमित की पहली मौत 11 अप्रैल को हुई, रोगी कर्नलगंज का रहने वाला था।
- अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 32972
- अस्पतालों में ठीक हुए 8863
- होम आइसोलेशन में ठीक हुए 23208
- एक्टिव केस बचे 63