कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के साथ परिवहन निगम की रोडवेज बसों की भी परीक्षा होगी। पीईटी परीक्षा के लिए अन्य जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 14544 है, जबकि जिले से बाहर परीक्षा में शामिल होने के लिए जाने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 29947 है। ऐसे में इन्हें आवागमन में सुविधा देना एक चुनौती होगी।
पीईटी परीक्षा के लिए जनपद में छह केंद्र बनाए गए हैं। इसमें माती रोड स्थित अकबरपुर डिग्री कॉलेज, रूरा में आरपीएस इंटर कॉलेज, मोहम्मदपुर में श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज, पुखरायां में श्रीराम स्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज व विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज अहरौली शेख शामिल है। इसके अलावा डेरापुर के मुंगीसापुर, नंदपुर स्थित श्रीमालवीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 14544 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें प्रत्येक पाली में 2424 परीक्षार्थी होंगे।
इन परीक्षार्थियों को आवागमन में समस्या न हो, इसके लिए निगम की तरफ से पहले से तैयारी किए जाने का दावा किया जा रहा है। एआरएम मोहम्मद अशफाक ने बताया कि आजमगढ़, कानपुर नगर व प्रतापगढ़ से जिले में परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी पहुंच रहे हैं। इनकी वापसी के लिए अकबरपुर डिग्री कॉलेज के पास परीक्षा छूटने से करीब आधा घंटे पहले ही दो बसें तैनात रहेंगी। मुंगीसापुर व मोहम्मदपुर में बने केंद्रों पर टीआई को तैनात किया जाएगा। वह पीछे से आने वाली बसों को रोककर परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना होने में सहायता प्रदान करेंगे। जबकि रूरा को शटल स्टेशन बनाया जाएगा, जहां से बस परीक्षार्थियों को अकबरपुर छोड़ेगी। यहां से बसों के जरिये इन्हें कानपुर नगर तक पहुंचाया जाएगा।
................
जरूरत पड़ने पर ईटीआईएम पर बसों का बदला जाएगा रूट
जिले से पीईटी की परीक्षा देने के लिए मथुरा जाने वाले परीक्षार्थी की संख्या 9312, अलीगढ़ के लिए 9592, कन्नौज के लिए 756 व कानपुर नगर के लिए 10287 है। इन्हें परीक्षा केंद्र बनाए गए जनपद तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसें चलाई जा रही हैं। ऐसे में बसों से 29947 परीक्षार्थियों को सुविधा देना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। माती डिपो से 40 बसें संचालित हैं, इनमें कुछ बसें 51 व कुछ 43 सीटर हैं। एआरएम ने बताया कि परीक्षा अलग-अलग तिथियों पर तीन दिन होनी है। परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र बनाए गए जनपद तक पहुंचने के लिए पर्याप्त बसें हैं। अगर किसी रूट पर बसों की कमी होती है, तो अन्य मार्ग पर जाने वाली बस का ईटीआईएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन) पर रूट को बदलकर रवाना किया जाएगा।
................
बसों के सापेक्ष चालक व परिचालक उपलब्ध
माती डिपो से 40 बसें संचालित हो रही हैं। इनके सापेक्ष 90 परिचालक व 91 चालक तैनात हैं। एआरएम के मुताबिक परीक्षा से एक दिन पहले से दूसरे दिन तक सभी के अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में किसी भी बस के परिचालन में समस्या नहीं होगी। इसके अलावा मार्ग में बस में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी न हो, इसके लिए डिपो से रवाना होने से पहले सभी बसों को निर्धारित मानकों की जांच कर भेजा जाएगा।