उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव के लिए सभी पार्टियों ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इसी के तहत कानपुर की गोविन्द नगर सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा किसी भी कीमत पर जीत दर्ज करना चाहती है। कानपुर गोविंद नगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है।
मरियमपुर चौराहे के समीप स्थित एक होटल में रविवार को आयोजित बैठक में उप चुनाव के सहयोगी प्रभारी और प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी ने इस बात पर जोर दिया कि कार्यकर्ताओं को बिना किसी मुगालते में रहते हुए बूथ स्तर से अपनी तैयारी को मजबूती देने का काम करना है।
चुनावी बिगुल फूंकने के लिए एक सितंबर को विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। गोविंद नगर उप चुनाव प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य को बनाया गया है, उनको महाराष्ट्र का प्रभारी बनाए जाने की वजह से सहयोग प्रभारी के रूप में नंद गोपाल नंदी यहां कार्य देखेंगे।