व्यस्त जीवन में समय न मिलने की शिकायत करने वाले शहरवासी लॉकडाउन का लाभ ले रहे हैं। अपने हुनर को निखारने के साथ ही विभिन्न ऑनलाइन गेम का आयोजन कर रहे हैं। अपने अंदर छिपे हुनर को बाहर ला रहे हैं और नई-नई चीजें सीख रहे हैं।
अखबारों और वेस्ट से बना रहीं सजाने का सामान
इंदिरा नगर कल्याणपुर निवासी मानसी कपूर लॉकडाउन का भरपूर आनंद ले रही हैं। रोजाना नई-नई चीजें सीख रहीं हैं। हाल ही में पुराने अखबारों से डेकोरेटिव आइटम बनाने सीखे हैं जिससे वह अपने घर को सजा रही हैं। झूमर, गुलदस्ता आदि बनाती हैं, साथ ही यूट्यूब पर इसके वीडियो भी साझा करती हैं।
बताया कि वह हमेशा से सीखना चाहती थी कि वेस्ट से कैसे घर को सजाया जाता है। अपनी यह इच्छा लॉकडाउन में मिले समय में पूरी की। इसके साथ ही मानसी कुकिंग भी सीख रही हैं और स्वादिष्ट डिश घरवालों को खिला रही हैं।
परिवारों ने खेले ऑनलाइन गेम
जैन आनंद यात्रा परिवार एक पारिवारिक संस्था ने ऑनलाइन मनोरंजन की शुरुआत की। संस्था ने 12 परिवारों के सभी सदस्यों के साथ मिलकर ऑनलाइन गेम खेलना शुरू किया जिसकी अध्यक्षता पूजा कटारिया ने की।
व्हाट्सएप ग्रुप पर सभी परिवार के सदस्यों को एक निश्चित अवधि के लिए टारगेट दिए गए। इसमें देश की समस्या पर संदेश, एक के द्वारा को दूसरे को डांटना, अलग तरह का मेकअप, योगासन, पहेली के द्वारा घर के सामान को इकट्ठा करना आदि के सेल्फी और वीडियो भेजने थे।
दो घंटे चले इस कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सदस्यों का कहना है कि इस ऑनलाइन गेम से उन्हें घर पर हो रहे तनाव से निजात मिली। इसमें मुख्य रूप से विवेक आभा जैन, अनूप प्रीति जैन, संदीप, मीनू जैन, संजय ज्योति जैन, अजय अदिति जैन आदि ने भाग लिया।