कानपुर में रविवार सुबह टिड्डी दल ने दस्तक दी है। टिड्डी दल तीन घंटे तक शहरी सीमा के दो गांव में मंडराया, जिसके बाद गंगा पारकर उन्नाव पहुंचा। शनिवार शाम करीब आठ किलोमीटर लंबा टिड्डी दल कानपुर देहात के अकबरपुर में देखा गया था।
उसके बाद से कानपुर नगर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया था। कृषि अधिकारियों ने रविवार सुबह हवा का रुख और मौसम के अनुसार ही टिड्डी दल के आगे बढ़ने की बात कही थी। रविवार सुबह 11.30 बजे टिड्डी दल शिवली के बाघपुर इलाके से होते हुए शहर की सीमा में दाखिल हुआ।
शहर सीमा में दाखिल होते ही दल दो अलग-अलग झुंड में बंट गया था। कानपुर में टिड्डी दल फसलों पर बैठ नहीं पाया इसलिए फसलों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है।