बिल्हौर के देदूपुर गांव के सामने जीटी रोड स्थित नोन नदी के क्षतिग्रस्त पुल से रविवार रात बाइक नीचे गिर जाने पर उस पर सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। तीनों युवक दादानगर कानपुर की निजी फैक्ट्री में काम करते थे।
शिवराजपुर क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी रामनरेश (26) वर्तमान समय में दादानगर औद्योगिक क्षेत्र के पास रहता था। रविवार रात करीब आठ बजे वह अपने मौसेरे भाई प्रवीण (25) निवासी लाटूश रोड कानपुर और एक अन्य साथी सोनू गुप्ता (24) निवासी दादानगर के संग बाइक से कमालपुर अपने गांव त्योहार मनाने जा रहे थे। देदूपुर गांव के समीप जीटी रोड पर नोन नदी पुल की रेलिंग काफी समय से टूटी है। पुल पर लहरा जाने से बाइक करीब 40 फीट गहरी नदी में पत्थरों पर जा गिरी। तीनों युवक लहुलुहान हो गए।
राहगीरों ने सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। एसओ देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मिले कागजात से तीनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई है। घटनास्थल से कोई हेलमेट बरामद न होने से आशंका है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आने से मौत की आशंका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।