वाणिज्यकर में रजिस्टर्ड कारोबारियों ने यदि लगातार तीन बार मासिक या त्रैमासिक रिटर्न दाखिल नहीं किया है तो उन्हें अब तामीला नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के जवाब से संतुष्टि न मिली तो उनके डीलर रहने या न रहने का भी निर्णय लिया जा सकता है।
कमिश्नर मुकेश मेश्राम ने सभी एडिशनल व ज्वाइंट कमिश्नरों को इस आशय का नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि टैक्स जुटाने में किसी तरह की लापरवाही न की जाए। सभी कारोबारियों का रिटर्न समय पर दाखिल हो, यह विभाग की भी जिम्मेदारी है। ऐसे में कारोबारी को समय पर सूचित करें। तीन माह से अधिक हो जाएं तो उन्हें तामील करें।
इससे भी न मानें तो उनका रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने का निर्णय लें। त्रैमासिक रिटर्न दाखिल करने और न करने के मामले में प्रदेश में इटावा की स्थिति सबसे खराब है। कमिश्नर ने इस पर नाराजगी जताई है। बताया गया है कि 18 जनवरी को कमिश्नर के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में इटावा के अधिकारियों ने रिटर्न से संबंधित कोई सूचना नहीं दी।