कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम के कायाकल्प से पहले यहां रणजी के तीन मैच होंगे। यूपीसीए ने इस सत्र के तीनों घरेलू रणजी मुकाबले ग्रीनपार्क में कराने का फैसला किया है। यहां की काली मिट्टी की पिचें मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम के लिए अहम साबित हो सकती हैं।
पहले चरण में 18 से 21 अक्तूबर तक उत्तर प्रदेश का सामना गोवा से होगा, जबकि दो से पांच नवंबर तक वड़ोदरा के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। दूसरे चरण में 24 से 27 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर की टीम उत्तर प्रदेश से भिड़ेगी। यूपीसीए को इस सत्र में सात रणजी मुकाबले खिलाने हैं, जिसमें तीन घरेलू मैचों की मेजबानी उसे करनी है। यूपीसीए मीडिया कमेटी के को-चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि ग्रीन पार्क का कायाकल्प शुरू होने में समय लग रहा है। इसलिए तीनों रणजी मुकाबले यहां कराने का निर्णय लिया गया है। वर्ष 2007 में एकमात्र रणजी खिताब जीतने वाली प्रदेश की टीम पिछले कुछ सत्रों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है। टीम के नए कोच की तलाश शुरू हो गई है। 30 सितंबर को कानपुर में होने वाली यूपीसीए की वार्षिक आम सभा में नए कोच के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है। ग्रीनपार्क के कायाकल्प के लिए प्रदेश सरकार ने 350 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। डीपीआर, डिजाइन और टेंडर दस्तावेज तैयार करने के लिए आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।