आईपीएल सीजन-10 समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। आपने अक्सर सुना या देखा होगा आमतौर पर लोग मैच जीतने वाली या बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम की ही चर्चा करते हैं, लेकिन इस बार इसके विपरीत चर्चा शुरू हो गई है। खाली इतना ही नहीं, यह डीबेट अब टीवी चैनलों पर बड़ी बहस बन चुकी है।
आईपीएल की तीन टीमों पर शुरू हुई जबरदस्त डिबेट
डेमो
दरअसल, इसके पीछे एक खास कारण छुपा है और यह सीधे भारतीय क्रिकेट टीम से भी ताल्लुक रखता है। अब तो पक्का आप सोच में पड़ ही गए होंगे कि आखिर बात क्या है जो इतनी बड़ी बहस चल पड़ी है। तो पेश है यह खास बहस...
गौरतलब हो इसबार आईपीएल में तीन सबसे फिसड्डी टीमों को लेकर खासी चर्चा की जा रही है। अगर देखें तो तीनों ही टीमों में एक या दो खिलाड़ी ऐसे नजर आते हैं जो 'टीम इंडिया' के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें एक जून से इंग्लैंड में चैंपियन ट्राफी टूर्नामेंट शुरू होने वाला है। इसमें भारतीय टीम अपने देश का ताज बचाने उतरेगी।
लेकिन सारी चिंता घूमकर आईपीएल की तीन फिसड्डी टीमों पर ही आ टिकती है। इन टीमों के ये खिलाड़ी बने बड़ी चिंता...
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विराट कोहली
विराट कोहली और रसेल एडम
आईपीएल की अंक तालिका में यह टीम इस समय अंतिम पायदान पर है। भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिए पिछला सीजन जितना शानदार रहा था, मौजूदा सीजन उतना ही दुखदायी साबित हुआ। विराट ने पिछले सीजन के 16 मैचों में चार शतकों के साथ सर्वाधिक 973 रन बनाए थे जबकि इस सीजन में वो अब तक 9 मैचों में 250 रन ही कर पाए। अब तक उन्होंने तीन अर्धशतक जड़े हैं जिसमें दो बार उनकी टीम को हार मिली है। इसके अलावा उनकी कंधे की चोट अब भी चिंता का विषय है।
गुजरात लायंस के रवींद्र जडेजा
रविंद्र जडेजा
आइपीएल में गुजरात की टीम आठ प्वाइंट के साथ सातवें पायदान पर है और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर है। इस टीम में जो चेहरा टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है, वो हैं पिछली चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट लेने वाले ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा। रवींद्र जडेजा ने मौजूदा सीजन में गुजरात लायंस की तरफ से कुल 11 मैच खेले हैं। इस दौरान कुल 210 गेंदें की हैं और 9.42 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 330 रन लुटाए हैं। यही नहीं, जडेजा को अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ 5 विकेट ही हासिल हुए हैं। बैंगलोर के खिलाफ पहले मैच में तो उन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 57 रन लुटा दिए थे जो आइपीएल इतिहास में उनका सबसे खराब प्रदर्शन साबित हुआ था। इसके अलावा कई मौकों पर उनकी बल्लेबाजी की भी बहुत जरूरत पड़ती है लेकिन इस सीजन में उन्होंने 11 मैचों में कुल 138 रन बनाए हैं जिसमें एक भी अर्धशतक तक शामिल नहीं है।
दिल्ली डेयरडेविल्स के मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी
दिल्ली डेयरडेविल्स छठे नंबर की टीम है जो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। इस टीम के कप्तान जहीर खान हैं। लेकिन यहां हम बात कर रहे है उस चेहरे की जो चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तैयार टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है। और वो हैं मोहम्मद शमी। यह भारतीय पेसर अभी तक पूरी तरह फिट नहीं है और यही वजह रही कि इस संस्करण में उन्हें अब तक सिर्फ 6 मैचों में खिलाया गया। इन 6 मैचों में शमी ने 175 रन लुटाते हुए 9.72 की इकॉनमी रेट से कुल 3 विकेट लिए। हैदराबाद के खिलाफ एक मैच में उन्होंने 2 विकेट लिए जबकि गुजरात के खिलाफ कानपुर में उन्होंने एक विकेट लिया। बाकी सभी मैचों में वो खाली हाथ ही रहे हैं।