कालिंजर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव के पास बागै नदी में रविवार को दोपहर नहाते समय दो भाइयों समेत तीन लोग डूब गए। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। नौगवां निवासी रिषभ उर्फ रीशू (19) अपने छोटे भाई अंश (16) और मौसेरे भाई अतर्रा के गोखिया गांव निवासी आशू (20) के साथ रविवार को दोपहर करीब तीन बजे बागै नदी में नहाने गए थे। नहाते समय रिषभ गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अंश और आशू भी गहरे पानी में उतर गए, तीनों पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए और कालिंजर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और स्थानीय तैराकों ने नाव की मदद से तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद रिषभ को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस उसे सीएचसी नरैनी लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर राम शरण कुशवाहा ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष कालिंजर दारा सिंह ने बताया कि एक युवक को नरैनी सीएचसी में मृत घोषित किया गया है। शेष दो की तलाश की जा रही है।