बांदा। खैरार-मानिकपुर रेलखंड में रेल परिचालन को गति मिलेगी। बांदा और खुरहंड रेलवे स्टेशन के बीच नवनिर्मित डाउन लाइन पर ट्रेनों की स्वीकृत सेक्शनल स्पीड 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। इससे इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन पहले से तेज हो सकेगा।
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल क्षेत्र में बांदा छोर के किलोमीटर 1320.002 से मानिकपुर छोर के किलोमीटर 1339.180 तक कुल 19.178 किलोमीटर नई डाउन लाइन पर गति बढ़ाई गई है। रेलवे के अनुसार सेक्शनल स्पीड बढ़ने से ट्रेनों की परिचालन गति में सुधार होगा।
इससे यात्रा समय कम करने और समय-सारिणी का बेहतर पालन करने में मदद मिलेगी। नई रेल लाइन पर बढ़ी गति से उपलब्ध रेल अवसंरचना का बेहतर उपयोग और परिचालन क्षमता में भी वृद्धि होगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि रेल अवसंरचना के उन्नयन और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। सेक्शनल स्पीड में वृद्धि इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को तेज और सुगम रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।