ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी मौत का सबब साबित हुई। इटावा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज से न जाकर सीधे रेलवे लाइन पार करने में आगरा निवासी वृद्ध दंपति मालगाड़ी की चपेट में आ गया। पति-पत्नी, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से शादी के घर में कोहराम मच गया।
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के मुल्ला जी की प्याऊ निखिल बिहार कालोनी निवासी शहजाद (65) पत्नी जुबैदा के साथ आठ जुलाई को कोतवाली के गाड़ीपुरा में भांजे सलीम के बेटे नईम की शादी में शिरकत करने आए थे। 11 जुलाई को निकाह था। रविवार सुबह दोनों आगरा जाने के लिए निकले। भांजी शबाना, मामा-मामी को छोड़ने स्टेशन आई थी। सुबह करीब सवा पांच बजे तीनों प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
कुछ देर बाद पता चला कि आगरा जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना होगी। इस पर दंपति फुट ओवरब्रिज से न होकर सीधे रेलवे लाइन पार कर प्लेटफार्म नंबर एक के लिए चल दिए। भांजी थोड़ी दूरी पर थी। दोनों ट्रैक पार कर रहे थे, तभी टूंडला की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। शबाना ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस दौरान पूर्व सांसद प्रेम दास कठेरिया भी मौके पर पहुंचे और मृतक के रिश्तेदारों को सांत्वना दी।
उपनिरीक्षक रोहन सिंह ने बताया कि तीन नंबर प्लेटफार्म पर लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध दंपति की मौत हो गई। भांजे नईम ने बताया कि मृतक शहजाद के चार पुत्र नौशाद, दिलशाद, इरशाद और दो बानो व सवानों हैं। मां-बाप की ट्रेन हादसे में मौत होने की सूचना पर आगरा से परिजन भी आ गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।