हरदोई के कछौना बघौली प्रताप नगर मार्ग पर सोमवार रात बाइक के किसी वाहन की चपेट में आने से उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों के बीच साले-बहनोई का रिश्ता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों बाइक सवारों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था।
बघौली थाना क्षेत्र के बक्शखेड़ा निवासी रामशरण के बेटे सीतांशु का सोमवार को देवाई कार्यक्रम (शादी से पहले होने वाली रश्म) था। कार्यक्रम में शामिल होने रामशरण के दो साढ़ू कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुन्नाखेड़ा निवासी राजेंद्र प्रसाद (40) पुत्र दर्शन, बेनीगंज थाना क्षेत्र के बढ़ैय्यनखेड़ा निवासी मंशाराम (45) पुत्र जगन्नाथ और साला कासिमपुर क्षेत्र के मर्दनखेड़ा निवासी मंशाराम (35) पुत्र सुंदरलाल आए थे।
कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे बघौली प्रताप नगर मार्ग से गुजरते वक्त बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। तीनों को लहूलुहान हालत में पुलिस ने एंबुलेंस से कछौना सीएचसी पहुंचवाया। डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन से रामशरण को जानकारी दी। इसके बाद तीनों के घरों में कोहराम मच गया।