हरदोई में कोरोना वायरस के संक्रमण से देश को बचाने के लिए प्रधानमंत्री के जनता कर्फ्यू के साथ लोग मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं। देशहित में की गई पीएम मोदी की पहल का साथ देने को 22 मार्च को होने वाले तीन निकाह एक दिन पहले ही शनिवार 21 मार्च को हो गए। तीनों शादी वाले परिवारों ने एक मजबूत संदेश ये भी दिया है कि संक्रमण से बचने और बचाने को सभी प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़े हों।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतयारपुर निवासी भूरा की पुत्री महजवीन का निकाह कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बालामऊ निवासी नईम पुत्र नादिर अली के साथ 22 मार्च को होना था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू की अपील की तो नादिर और भूरा ने भी आपस में बात कर शादी एक दिन पहले 21 मार्च शनिवार को ही कर लेने का निर्णय लिया। बरात में महज 10 लोग ही शामिल हुए।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर निवासी इदरीश सिद्दीकी ने पुत्री रेहाना का निकाह कन्नौज जनपद के ग्राम रामपुर निवासी तौकीर सिद्दीकी पुत्र एजाज हुसैन के साथ कुछ महीने पहले तय किया था। दोनों पक्षों की सहमति से 22 मार्च को बरात लाने का निर्णय हुआ था। लेकिन जनता कर्फ्यू को देख दोनों पक्षों ने 21 मार्च को ही निकाह की रस्म पूरी करने पर सहमति जताई। सिर्फ परिवार के लोग ही निकाह में शामिल हुए।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहटा धीरा निवासी जलील के पुत्र खलील का निकाह टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी अफगान फौजी की पुत्री के साथ 22 मार्च को तय था। पीएम की जनता कर्फ्यू की अपील का साथ देने को 21 मार्च को ही जलील बेटे का निकाह करने जलालपुर आ गए। जलील ने बताया कि कुछ चुनिंदा लोगों ने ही शादी में शिरकत की। दावत वह बाद में देंगे।