कानपुर देहात। रसूलाबाद पुलिस ने सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक सहित तीन शातिरों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात कुबूल की है।
रसूलाबाद थानाध्यक्ष हरमीत सिंह सोमवार सुबह 8:30 बजे के करीब नगर के झींझक रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच झींझक की ओर से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन लोग पुलिस को देख कर वापस मुड़कर भागने लगे। इसपर पुलिस ने पीछा करके तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की बाइक, मास्टर चाभी, मोबाइल व 2600 रुपये बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विक्रमपुर रायपुर निवासी अजय उर्फ कल्लू, रूरा के ऊगा निवासी श्याम भदौरिया व विमल बताया।
आरोपी विमल व श्याम ने बताया कि उन्होंने कल्लू के साथ मिलकर दो सप्ताह पहले पनकी से बाइक चोरी की थी। शिवली थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी कल्लू शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जिले के अलावा कन्नौज, हमीरपुर व कानपुर नगर में चोरी, लूट सहित कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि श्याम व विमल के खिलाफ पहला मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।