हरदोई में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर सड़क किनारे पड़ी ट्रेक्टर-ट्राली। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम (हरदोई)। राजघाट से मुंडन संस्कार कराकर सोमवार दोपहर माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरबटापुर लौटते समय ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर- ट्राली बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हुए हैं।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरबटापुर निवासी मंशाराम के पुत्र प्रियांशु का मुंडन सोमवार को बिलग्राम के राजघाट पर गंगा किनारे होना था। बड़ी संख्या में रिश्तेदारों और ग्रामीणों कोट्रैक्टर-ट्राली से लेकर मंशाराम राजघाट पहुंचे। मुंडन के बाद दोपहर ढाई बजे सभी लोग बरबटापुर लौट रहे थे। इसी दौरान बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर ग्राम जलालपुर के निकट पावर हाउस के पास ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ट्राली में सवार शोभित (13) पुत्र राकेश निवासी बरबटापुर की दबकर मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल छह लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां रामश्री (65) पत्नी गंगाराम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रानी द्विवेदी (58) पत्नी जीतबहादुर निवासी नरायणपुरवा को लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन बघौली के निकट उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। शोभित और रामश्री के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि रानी द्विवेदी का शव परिजन माधौगंज थाने ले गए। वहां से पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।