कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतरपुर (मध्य प्रदेश) से दो किमी पहले तेज रफ्तार बाइक बिजली के पोल से टकरा गई। इससे तीनों बाइक सवारों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
कानपुर शहर के मोहल्ला भटीपुरा निवासी शोहराब (25) पुत्र छिकौड़ी उर्फ छक्कू, रानू सैय्यद (24) पुत्र जमील और अनिल रैकवार (26) तीनों अच्छे दोस्त थे। सोमवार की रात तीनों दोस्त बाइक से छतरपुर जा रहे थे।
हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे तीनाें बाइक सवार सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों की मौत हो गई थी। एक भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण जान चली गई।
मृतक के पास मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर को एक साथ तीनों मित्रों के शव आने से मोहल्ले में रोना पीटना मच गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए।
-तीनों दोस्त बाइक से रात में जा रहे थे छतरपुर
-दुर्घटना के बाद हुई मौतों से मोहल्ले में मातम