उन्नाव में ट्रक और टेम्पो की टक्कर में तीन की मौत
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव-पुरवा मार्ग पर ट्रक और लोडर में आमने-सामने हुई भिड़ंत में लोडर सवार दो सगे भाई और उनके बहनोई की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ने ट्रक छोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन राहगीरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव डीह पोटरिया गांव निवासी नन्हक्के (40) बुधवार सुबह मंगतखेड़ा बाजार भैंस खरीदने गया था। नन्हक्के के साथ दो बड़े भाई असलम (42), कल्लू (48) व बहनोई मो. हाशिम अली (40) निवासी सफीपुर कस्बा के मोहल्ला भट्टाचार के अलावा नन्हके के गांव में ही रहने वाले हबीब (65)व उनका बेटा लतीफ (32), पड़ोसी सुभाष (28) पुत्र लाल साथ थे।
बाजार से दो भैसें खरीदकर लतीफ के लोड़र से गांव लेकर जा रहे थे। लोडर लतीफ चला रहा था। पुरवा-उन्नाव मार्ग पर जरगांव मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक और लोडर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि लोडर में ड्राइवर की सीट के पास बैठे असलम व उसके बहनोई हाशिम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि असलम के भाई कल्लू व लतीफ के अलावा अन्य घायलों को बिछिया सीएचसी पहुंचाया गया। कल्लू व लतीफ की हालत गंभीर देख डाक्टर ने तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में कल्लू ने इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक असलम की पत्नी मुन्नी व चार बच्चे हैं। जबकि हाशिम की पत्नी मुरेसा का रो-रोकर बुराहाल है। वह अपने चार बच्चों से लिपटकर रोती और बेहोश होती रही।
मृतकों में शामिल सफीपुर निवासी हाशिम अली पांच साल से अपनी ससुराल डीह पोटरिहा में ही रह रहा था। हादसे में लोडर में लदीं दो भैसों में से एक की मौत हो गई। पुरवा कोतवाली प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में तीन की मौत हुई है। घायलों को सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक को कोतवाली में बैठाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।