कानपुर। जीटी रोड पर यूनिवर्सिटी से कल्याणपुर तक पीडब्ल्यूडी एनएच की ओर से तीन दिन पहले गड्ढे भरे गए थे लेकिन अगले ही दिन से गिट्टियां निकलने लगी हैं। इससे वाहन सवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, रात में तापमान अत्यधिक कम होने के कारण डामर सड़क पर ठीक से जम नहीं पा रहा है जिसके चलते गिट्टियां उखड़ रही हैं।
जीटी रोड पर गोल चौराहा से आईआईटी तक, गुरुदेव और रावतपुर क्राॅसिंग, यूनिवर्सिटी के पास, नवाबगंज और गीतानगर जैसे इलाकों में बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। यूनिवर्सिटी से कल्याणपुर के बीच सड़क की स्थिति बेहद खराब थी। पीडब्ल्यूडी एनएच के ठेकेदार ने तीन दिन पहले गड्ढे भरने का काम शुरू किया था। हालांकि, अगले दिन वाहनों के दबाव से कई जगह गिट्टियां बाहर आ गईं। इस कारण कई दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल भी हुए।
विभागीय जानकारी के अनुसार, बिटुमिन डालते समय रात का तापमान बहुत कम हो जा रहा है। गर्म बिटुमिन भी सड़क पर ठीक से चिपक नहीं पा रहा है। प्रभारी अधिशासी अभियंता रविंद्र जायसवाल ने बताया कि मौसम की खराबी के कारण गिट्टियां ठीक से चिपक नहीं पा रही हैं। उन्होंने बताया कि ब्रमस मशीन से सारी गिट्टियों को साफ कर दिया गया है।