बकेवर थाना पुलिस और क्राइम डिटेक्शन की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात देवमई नहर पुलिया के पास एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस और क्राइम डिटेक्शन की टीम देवमई नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बोलेरो सवार संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वहीं पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उसके दो अन्य साथियों को भी मौके से दबोच लिया।
घायल समेत तीनों जहानाबाद के रहने वाले
मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश की पहचान रफीक (निवासी: कछेवरा, थाना जहानाबाद) के रूप में हुई है। वहीं मौके से पकड़े गए उसके दो अन्य साथियों की पहचान नसीम पुत्र सत्तार उर्फ भुल्ली और जावेद पुत्र नफीस (दोनों निवासी: तेजानगर, थाना जहानाबाद) के रूप में हुई है। घायल आरोपी रफीक को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
भारी मात्रा में असलहा, कैश और बोलेरो बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 बोलेरो गाड़ी, 12,500 रुपये नगद, 02 तमंचे (.315 बोर), 02 खोखा कारतूस, 03 जिंदा कारतूस, 1 लोहे की छड़ (रॉड) और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज
थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों और अन्य जिलों में चोरी व लूट के 15 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।