कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। तीसरी लहर से बचने के लिए अफसर कोविड नियमों का पालन करने के लिए लगातार अपील भी कर रहे हैं। इसके बाद भी लोग सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर घूम रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकाता है।
जिले में भले ही कोविड मरीजों की संख्या घट रही है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर लगातार खतरा टला न होने की बात कहकर लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। रविवार को लॉकडाउन के बाद भी अकबरपुर बाजार में जगह-जगहों लोगों की भीड़ देखने को मिली। कुछ तो जरूरी काम पर घर से निकले, लेकिन बहुत से लोग बिना वजह ही सड़कों पर घूमते नजर आए।
बड़ी बात यह है कि सड़कों पर मौजूद लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं दिखा। यही हाल अन्य कस्बा झींझक, रूरा, रसूलाबाद, सिकंदरा में भी देखने को मिला। यहां सुबह से ही लॉकडाउन के बीच लोगों की भीड़ सड़कों पर देखने को मिली। बड़ी बात यह है कि लोग कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। न मास्क का प्रयोग कर रहे हैं। न ही तय दूरी का ख्याल रख रहे हैं। जो कभी भी संक्रमण बढ़ा सकता है।
लोगों को कोविड नियमों का पालन करना होगा। जरूरत पड़ने पर मास्क लगाकर घर के बाहर निकले। दो गज दूरी का भी ध्यान रखें। कोरोना के लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों से संपर्क करें। -डॉ. एके सिंह, सीएमओ
एक युवती समेत दो पॉजिटिव मिले
कानपुर देहात। जिले में रविवार को एक युवती समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों को होम आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 5857 हो गई है। इसमें 5771 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। संक्रमण की चपेट में आकर 76 लोग जान गवां चुके हैं। फिलहाल जिले में 10 एक्टिव केस हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।
कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने के लिए की गश्त
सिकंदरा। कोरोना महामारी के चलते चल रही साप्ताहिक बंदी का पालन कराने के लिए सीओ ने प्रभारी निरीक्षक के साथ कस्बे में पैदल गश्त की। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए। पटेल नगर से गश्त की शुरुआत हुई। इसके बाद मोहम्मदनगर, शास्त्री नगर, पटेल नगर, गांधी नगर में घूमकर पुलिस अधिकारियों ने कोरोना कर्फ्यू का पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कई जगह दुकानें खुली मिली तो दुकानदारों को कार्रवाई की चेतावनी देकर उन्हें बंद कराया। सीओ रविकांत गौर ने बताया कि लोगों को बिना मास्क के घर से न निकलने की हिदायत दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त की। लोगों को कोरोना कर्फ्यू का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान इंस्पेक्टर विद्यासागर सिंह व पुलिस बल मौजूद रहा। संवाद