सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) ने बच्चों को पढ़ाई के तनाव से दूर रखने के लिए अहम फैसला किया है। 10वीं में गणित विषय से भय खाने वाले छात्र अब अपनी सुविधानुसार सरल प्रश्न पत्र का चयन कर सकते हैं।
यह जानकारी कानपुर सहोदया स्कूल की ओर से आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईं सीबीएसई की रीजनल अधिकारी श्वेता अरोड़ा ने कही। उन्होंने कहा कि बोर्ड बड़े स्तर पर आंतरिक परीक्षाओं, प्रायोगिक परीक्षाओं में बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है। गुरुनानक माडर्न स्कूल कल्याणपुर में आयोजित हुए कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के मेधावियों को सम्मानित किया गया।
श्वेता ने बताया कि मैथ्स टू लेवल प्रोग्राम की शुरुआत 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए की गई है। अक्सर देखा जाता है कि बच्चे गणित विषय से भय खाते हैं और अनिवार्य विषय होने की वजह से परीक्षा देते हैं और खराब प्रदर्शन करते हैं। इसी वजह से अब बोर्ड 10वीं के बच्चों के लिए दो प्रश्नपत्र तैयार करेगा। एक सरल और दूसरा कठिन होगा।
बोर्ड फार्म भरने के दौरान छात्र-छात्राओं को इन दो विकल्प में से किसी एक को चुनना होगा। कोर्स में बदलाव नहीं है, केवल प्रश्न पत्र सरल और कठिन होंगे। श्वेता ने कहा कि बोर्ड ने काफी सोच विचार कर ही फैसला किया है। इससे छात्रों के भीतर से गणित में फेल होने का भय खत्म हो जाएगा और तनाव मुक्त होकर परीक्षा देंगे।