अवैध शराब के साथ पुलिस गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कानपुर देहात जिले में मिलावटी शराब बनाने का कारोबार अभी भी फलफूल रहा है। मड़ौली गांव में आठ मौतों के बाद भी शराब माफिया काले कारोबार से बाज नहीं आ रहे हैं। देसी शराब ठेकों में मिलावट का खेल जारी है। गुरुवार की रात पुलिस व आबकारी की टीम ने बिवाइन गांव के देशी शराब ठेके में छापेमारी कर मिलावट का खेल पकड़ा। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक फरार है। पुलिस को मिलावटी शराब आदि सामग्री मिली है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बिवाइन गांव स्थित देसी शराब ठेके में मिलावट का खेल चल रहा था। सूचना पर आबकारी निरीक्षक गिरिराज सिंह व अकबरपुर कोतवाल ऋषिकांत शुक्ला, अमित शुक्ला मोहन सिंह आदि की टीम ने ठेके में छापेमारी की। टीम को मौके पर 35 पेटी देसी शराब मिली। जिसके ढक्कन खुले हुए थे। टीम को 1601 खाली क्वार्टर, 104 क्वार्टर मिलावट करके भरी हुई शराब मिली। दो.-दो लीटर की दो खाली बोतलों में चार लीटर अपमिश्रित शराब बरामद हुई।
वहीं टीम ने मौके से 17200 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने तात्याटोपे नगर बर्रा कानपुर निवासी प्रवीन कुमार, घार मूसानगर के अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मौके से ठेका मालिक रतनपुर बलरामपुर घाटमपुर निवासी कृष्ण कुमार मौके से फरार हो गया। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि मामले में तीन लोगों पर आबकारी अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मौके पर मिली सामग्री को जब्त कर शराब को जांच के लिए भ्ेाजा गया है।