उत्तर प्रदेश के कानपुर में 4.11 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में जेल में बंद इंडसइंड बैंक की सिविल लाइंस शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला पर एक और रिपोर्ट दर्ज हुई है। दो रिपोर्ट उस पर पहले से दर्ज हैं। नवाबगंज के दीनदयाल नगर निवासी बुजुर्ग श्रीप्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया है कि अमित ने हर माह अच्छे रिटर्न का झांसा देकर उनके 27.50 लाख रुपये हड़प लिए।
कोर्ट के माध्यम से उन्होंने नवाबगंज थाने में धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्रीप्रकाश वर्मा ने बताया कि वह एक प्राइवेट फर्म से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उन्होंने रिटायरमेंट के समय मिले रुपये को एसबीआई की लखनपुर शाखा और आईडीबीआई में जमा किए थे। वर्ष 2014 में उनकी मुलाकात इंडसइंड बैंक की मोतीझील शाखा के प्रबंधक अमित शुक्ला से हुई थी।