फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा को बांधने की जांच होगी

Tue, 02 Feb 2016 02:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
 नगर विकास मंत्री आजम खां ने जाजमऊ वाजिदपुर में गंगा को बंधक बनाकर जल जीवों के शिकार के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। नगर विकास सचिव से 15 दिन में रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन


‘अमर उजाला’ ने सोमवार को ‘साहबों को साधा, गंगा को बांधा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित करके गंगा में अवैध बंधे बनाने का खुलासा किया था। इससे गंगा का प्रवाह रुकने की जानकारी भी दी थी। सोमवार को शहर में एक शादी में आए आजम खां ने ‘अमर उजाला माई सिटी’ लेकर प्रकाशित पैकेज पढ़ा और उसमें मार्किंग की।

कहा, कि गंगा की धारा को बालू भरी बोरियां डालकर रोकना बहुत गंभीर मामला है। उन्होंने अखबार पर ही लिखकर नगर विकास विभाग के सचिव को आदेश दिया कि वे इस मामले से संबंधित सभी विभागों से जानकारी करते हुए मामले की जांच करें और 15 दिन में रिपोर्ट दें।
विज्ञापन


साथ ही कहा कि मामला गंभीर है इसलिए जांच में एक महीना भी लग सकता है। पर जांच रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मंत्री ‘अमर उजाला’ भी अपने साथ लखनऊ ले गए। 

डीएम ने भी शुरू कराई जांच
गंगा की धारा रोकने के मामले की जांच स्थानीय स्तर पर अधिशासी अभियंता लोअर गंगा कैनाल और गंगा बैराज करेंगे। यह आदेश जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सोमवार को जारी किया। जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट तीन दिन में तलब की है। साथ ही कहा है कि अवैध बंधे हटवाए जाएंगे।

वहां सालों पहले बालू का पट्टा था, जो अब नहीं है। उधर, एसीएम भानूप्रताप ने सोमवार मौके पर जाकर गंगा की दुर्दशा देखी। दोपहर में एसीएम ने जाजमऊ चौकी इंचार्ज के साथ मौके का निरीक्षण किया।

कहा कि यहां 2007 में बालू के खनन का पट्टा था। इस दौरान अस्थाई पुल बनाया गया था लेकिन अब इसकी आड़ में दुरुपयोग हो रहा है। गंगा में डाली गईं बालू, सीमेंट और गिट्टी से भरी बोरियां हटाई जाएंगी। केंद्रीय इस्टीमेट कमेटी मंगलवार को यहां का निरीक्षण भी करेगी।

अमर सिंह दगे कारतूस, सपा में नहीं आ रहे-आजम
‘अमर सिंह दगे हुए कारतूस हैं, फुस्स हो गए हैं, वह सपा में नहीं आ रहे।’ ये बात नगर विकास मंत्री आजम खां ने कही। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीएमडब्लू कार से चलने वाले को अपनी बीवी का भी भरोसा नहीं होता कि वह किसे वोट देगी। मैं तो रास्ते में भी गाड़ी रोककर रिक्शे वाले से दुआ-सलाम करता हूं, जिसके पास पचासों वोट होते हैं।

यहां एनआरआई सिटी में एक विवाह समारोह में आए नगर विकास मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि  उन्होंने शहर में विकास कार्यों में घटिया पाइप बिछाने के मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

आरोप लगाया कि बसपा कार्यकाल में बिछे घटिया पाइप टेस्टिंग में बार-बार फट रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के खजाने में क्रूड आयल से बहुत पैसा इकट्ठा हुआ है। इतना पैसा केंद्र सरकार के खजाने में पहले कभी नहीं रहा। गंगा सफाई के नाम पर वोट लेने वाले इसी कार्य के लिए धन नहीं दे रहे हैं।

आरोप लगाया कि यह धन अडानी जैसों के लिए रोक रखा है कि जब वे कोई योजना लाएंगे, तब यह धन जारी किया जाएगा। यूपी, बिहार, बंगाल में भाजपा का सूपड़ा साफ हुआ था, यूपी में एक भी स्मार्ट सिटी घोषित न करके भाजपा ने यह संकेत दे दिया कि यहां उनका बिहार से भी बुरा हश्र होने वाला है।

उन्होंने दिल्ली में आरएसएस दफ्तर के बाहर प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुरुषों पर लाठीचार्ज की निंदा की। यह भी कहा कि आरएसएस तो हथियारों की ट्रेनिंग देती है, शुक्र है वहां लाठी ही चली, गोली नहीं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें