नई दिल्ली से कानपुर आ रही 12034 शताब्दी एक्सप्रेस में पैंट्रीकार मैनेजर अर्पित यादव ने वेंडरों और सफाई कर्मियों संग 14 मार्च को कोच के भीतर डांस, रंग-गुलाल, अबीर उड़ाया था। रेलवे ने चार सफाई कर्मी और चार वेंडरों की सेवा समाप्त कर दी हैं। वायरल वीडियो में दिख रहे मैनेजर के बारे में आईआरसीटीसी लखनऊ को रिपोर्ट दी गई। आरपीएफ का कहना है कि रिपोर्ट आते ही पैंट्रीकार मैनेजर को भी मुकदमे में शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।
आईआरसीटीसी के सीआरएम अजीत सिन्हा ने बताया कि रेलवे अफसरों ने ट्रेन में रंग खेलने की प्राथमिक सूचना दी है। वायरल वीडियो पर जांच की जा रही है। रेलवे की तरफ से जैसे ही रिपोर्ट आएगी और उसी के आधार पर पैंट्रीकार मैनेजर अर्पित के खिलाफ कार्रवाई होगी। वेंडरों को तो उसी दिन बुक ऑफ कर दिया गया। बुक ऑफ का मतलब उनकी सेवाएं अग्रिम फैसले तक बंद रहेंगी। वहीं रेलवे ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। रेलवे ने आईआरसीटीसी को रिपोर्ट भेज दी है।