कानपुर में सरकार दिव्यांगों को सुविधाएं देने के लिए प्रयास कर रही है, लेकिन इसके क्रियान्वयन पर विभागों का खास ध्यान नहीं है। कानपुर के रजिस्ट्रार कार्यालय में बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए रैंप तक नहीं बनाए गए हैं। इससे दिव्यांगों और बुजुर्गों को पहले व दूसरे तल तक ले जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कुछ दिन पहले इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
कानपुर के रजिस्ट्री कार्यालय से हर माह करोड़ों रुपये राजस्व आता है। इसके बाद भी यहां अव्यवस्थाओं का अंबार है। हाल ही में सोशल मीडिया पर यहां का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें दिखाया गया कि एक बुजुर्ग को रजिस्ट्री कार्यालय तक ले जाने के लिए परिजनों का खासी परेशानी उठानी पड़ी। बुजुर्ग को परिजन ट्राई साइकिल समेत उठाकर सीढि़यों के सहारे रजिस्ट्री कार्यालय ले जाते हैं।
यहां रैंप न होने से दिव्यांगों व बुजुर्गों को पहले व दूसरे तल में जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में अफसरों से बात हुई, लेकिन कुछ किया नहीं गया। डीएम से मिलकर सभी कार्यालयों में रैंप बनाए जाने की मांग की जाएगी।