कानपुर। दिवाली पर अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेल यात्रा आसान नहीं होगी। त्योहार से पहले कानपुर होकर अयोध्या जाने वाली ट्रेनों में सीटों का संकट गहरा गया है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण आरक्षण बंद हो गया है। पांच से सात नवंबर के बीच कैफियात और फरक्का एक्सप्रेस की एसी श्रेणियों में ''''रिग्रेट'''' की स्थिति है। उधना एक्सप्रेस में सात नवंबर को सभी श्रेणियों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। कामाख्या और इंदौर एक्सप्रेस में भी कई तारीखों पर सीटें नहीं मिल रही हैं। रेलवे ने भीड़ को देखते हुए दो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। हालांकि, इनसे भी यात्रियों की परेशानी पूरी तरह दूर नहीं हो रही है। एक स्पेशल ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहे, वहीं दूसरी में देरी की आशंका से यात्री हिचक रहे हैं।
इन ट्रेनों में आरक्षण का संकट
ट्रेन टिकट की स्थिति
कैफियात एक्सप्रेस (12226) - एक से सात नवंबर तक लंबी वेटिंग, पांच से सात नवंबर तक द्वितीय व तृतीय एसी में रिग्रेट
छपरा एक्सप्रेस (15084) - एक से सात नवंबर तक लंबी वेटिंग, पांच से सात नवंबर तक द्वितीय व तृतीय एसी में टिकट नहीं
फरक्का एक्सप्रेस (15744) - एक से सात नवंबर तक लंबी वेटिंग, पांच से सात नवंबर तक द्वितीय व तृतीय एसी में रिग्रेट
कामाख्या एक्सप्रेस (15667) - एक और आठ नवंबर को लंबी वेटिंग, द्वितीय व तृतीय एसी में सीट नहीं
इंदौर एक्सप्रेस (19321) - एक और आठ नवंबर को लंबी वेटिंग, द्वितीय व तृतीय एसी में सीट नहीं
उधना एक्सप्रेस (09093) - सात नवंबर को सभी श्रेणियों में रिग्रेट
30 फीसदी ज्यादा किराया, फिर भी घंटों लेट स्पेशल ट्रेनें
कानपुर। दीपावली और छठ पर यात्री नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने से स्पेशल ट्रेनों का सहारा ले रहे हैं। इन ट्रेनों में करीब 30 फीसदी तक ज्यादा किराया देने के बावजूद यात्रियों को घंटों की देरी झेलनी पड़ रही है। भोपाल-गोरखपुर स्पेशल कानपुर सेंट्रल और पटना-हावड़ा-दिल्ली स्पेशल गोविंदपुरी स्टेशन पर देरी से पहुंचीं।