कानपुर में हवाओं की दिशा बदलने और अधिकतम, न्यूनतम पारा के उतार-चढ़ाव से मौसम का मिजाज बदल गया। घना कोहरा छंट गया लेकिन सर्दी का सितम जारी है। पारा भी लुढ़ककर सामान्य से नीचे आ गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मंगलवार का पारा और गिरेगा। गलन बढ़ेगी।
विज्ञापन
पछुआ हवाओं की दिशा सोमवार को बदल गई। अब उत्तर-पूर्व की हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं पहाड़ी क्षेत्रों से होकर आती हैं, जहां कि बर्फबारी हो रही है। हवाओं ने ही मैदानी क्षेत्रों में गलन बढ़ाई है। इसी का नतीजा है कि दिन का पारा 20 डिग्री सेल्सिय रिकार्ड किया गया। यह पारा सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वातावरण में सुबह की नमी 100 फीसदी और दोपहर की नमी 50 फीसदी है। नमी बढ़ने से सर्दी का सितम बढ़ जाता है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि आगे और कोहरा पड़ने की संभावना है।