Hamirpur News: सदर कोतवाली क्षेत्र में लिपिक के घर से चोरों ने ताला काटकर ढाई लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित हरदोई के सीएमओ कार्यालय में तैनात है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जनपद हरदोई के सीएमओ कार्यालय में तैनात लिपिक के घर ताला काटकर करीब ढाई लाख रुपये की चोरी कर ली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सदर कोतवाली के कजियाना मोहल्ला निवासी राजेंद्र सोनकर हरदोई जिले में सीएमओ कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात हैं। उनके कजियाना में दो मकान हैं।
विज्ञापन
एक मकान में उनकी मां करुणा देवी अकेले रहती हैं, जबकि बगल के दूसरे मकान में उनके पारिवारिक रिश्तेदार रहते हैं। करुणा देवी ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी दवाएं लेने कानपुर गईं थी। इसके बाद वहीं रुक गईं। बगल वाले दूसरे मकान में रहने वाले रिश्तेदार परिवार के लोग सो रहे थे। तभी रात में चोर आए और उनके घर और कमरों का ताले काट दिए।
इसके बाद घर के अंदर रखी अलमारी का दरवाजा तोड़कर सोने-चांदी के गहने व 80 हजार नकदी ले गए। शुक्रवार को सुबह जब रिश्तेदारों ने मुख्यद्वार और कमरों का ताला टूटा देखा, तो उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी । इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।