यूपी के उन्नाव जिले में कचहरी परिसर में स्थित सदर पुलिस मालखाना में चोरों ने सेंधमारी कर बरामद माल पार कर दिया। सोमवार सुबह वकीलों के पहुंचने पर मामले की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही मालखाना इंचार्ज, कोतवाली पुलिस, फील्ड यूनिट और खोजी कुत्ता भी पहुंचा। बरामद और गायब माल का मिलान न हो पाने से मालखाने को सीज कर दिया गया है।
अपर सत्र न्यायालय में सदर मालखाना है। सत्र न्यायालय में सेशन ट्रायल पर आने वाले मुकदमों के बरामद माल (असलहे, कारतूस व अन्य) संबंधित थाने के पैरोकार लाकर यहां जमा करते हैं। सोमवार सुबह 10 बजे के करीब कचहरी पहुंचे अधिवक्ताओं ने मालखाना की पीछे की दीवार के कुछ ईंटें हटीं देखीं तो मामले की जानकारी गार्द ड्यूटी पर लगे सिपाही को दी। मौके पर जाकर जब सिपाही ने देखा तो उसे सेंधमारी की आशंका पर अधिकारियों को सचूना दी। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस व इंचार्ज मालखाना मौके पर पहुंचे।
खोजी कुत्ता सत्र न्यायालय के बाहर आया और कचहरी होते हुए निराला पार्क से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर मुड़ गया। फिर स्टेशन पर जाकर भटक गया। जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने मालखाना को सीज कर दिया है। मालखाने से क्या माल गया है, इसका मिलान नहीं हो सका है।