कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां में युवती ने फंदा लगा लिया। परिजन युवती की सांसें चलती देख उसे उतारकर लोडर पर लाद पास के अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में लोडर का टायर पंचर हो गया। इस बीच इलाज न मिल पाने से युवती ने दम तोड़ दिया।
अहिरवां के संजीवनगर निवासी रूप देवी सब्जी विक्रेता हैं। उन्होंने बताया कि पति मुन्ना हादसे में दिव्यांग हो गए। तबसे ही वह सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण कर रही हैं। बेटी आकांक्षा गौतम (19) ने पिछले साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। इसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई। इलाज कराया जा रहा था। शनिवार को उसने अचानक कमरा अंदर से बंद कर फंदा लगा लिया। रूप देवी सब्जी बेचकर घर पहुंचीं तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। उसे लोडर से निजी अस्पताल ले जाने के लिए निकलीं लेकिन लोडर पंचर होने से समय रहते अस्पताल नहीं पहुंच सकीं। ई-रिक्शे से लेकर अस्पताल पहुंचीं तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि युवती के आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।