झींझक। थाना क्षेत्र के विजय मंडली गांव निवासी बाइक सवार नारखुर्द चौकी प्रभारी की कार से टक्कर लगने से घायल हो गया था। शनिवार सुबह युवक व उसके परिजन घटना की शिकायत करने चौकी पहुंचे। आरोप है कि यहां युवक को पुलिस ने चौकी में बैठा लिया। इससे नाराज लोगों ने मिंडाकुआं के पास सड़क जाम कर दी और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंचे सीओ के समझाने पर करीब एक घंटे बाद नाराज लोग शांत हुए।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के विजय मंडली निवासी धर्मेंद्र कुमार (26) पुत्र अमर सिंह ने आरोप लगाया कि 17 सितंबर की दोपहर गांव के पास नारखुर्द चौकी प्रभारी की कार से टक्कर से वह घायल हो गए। हादसे में उनका पैर टूट गया था। कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह शिकायत करने के लिए नारखुर्द चौकी में प्रार्थनापत्र लेकर गए थे। वहां पुलिस ने सुनवाई की जगह उसे ही चौकी में बैठा लिया। इससे नाराज परिजन ने सुबह करीब 10:30 बजे पर मिंडाकुआं के पास मंगलपुर-रसूलाबाद मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजन ने आरोप लगाया कि शिकायत पर चौकी प्रभारी ने हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो जाने पर 82 हजार रुपये खर्च होने की बात कह युवक को चौकी में बैठा लिया था। सूचना पर मंगलपुर और रसूलाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन परिजन चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस बीच वहां पहुंचे सीओ डेरापुर धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नाराज परिजन सड़क से हट गए। सीओ धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। घायल युवक का उपचार करवाया जाएगा।