फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शार्टकट के चक्कर में गई युवक की जान

Wed, 28 Oct 2015 02:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गुजैनी हाईवे पर डिवाइडर तोड़कर बनाए गए शार्ट कट के चक्कर में बाइक सवार युवक की जान चली गई। जैसे ही पत्नी को बैठाए युवक ने शार्ट कट से बाइक निकालने का प्रयास किया, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर लगी और देखते ही देखते कार और बाइक दोनों ही पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
विज्ञापन


बाइक सवार दंपति सड़क पर गिरे। ट्रक के पहिए की चपेट में आकर पति काफी दूर तक घिसटता चला गया जबकि कार सवार चार लोग भी बुरी तरह जख्मी हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को हैलट और अन्य घायलों को आसपास के अस्पतालों में भेजा। इलाज के दौरान बाइक सवार की मौत हो गई।

मंगलवार सुबह फतेहपुर के गाजीपुर निवासी मनोज पांडेय (38) अपनी पत्नी नीतू को लेकर ससुराल बर्रा जा रहे थे। गुजैनी हाईवे पर जैसे ही मनोज ने अपनी बाइक टूटे हुए डिवाइडर से बर्रा की ओर मोड़ने का प्रयास किया वैसे ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर लगी। दोनों पति पत्नी सड़क पर आ गिरे।
विज्ञापन


इससे पहले ही कोई कुछ समझ पाता कि तभी पनकी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मारी और पहिए मनोज को घसीटते हुए करीब सौ मीटर तक ले गए। इसके बाद चालक ने ट्रक रोका और मौके से फरार हो गया। हाईवे पर घायलों की चीख पुकार से हड़कंप मच गया।

बर्रा पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे चार लोगों को बाहर निकाला। घायल मनोज को हैलट भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि कार में एक ट्रैक्टर कंपनी के लखनऊ निवासी दो अधिकारी रवि और पंकज के अलावा गोविंदनगर स्थित डिस्ट्रीब्यूटर दिनेश और कार चला रहा उनका साथी अश्वनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें नजदीक के प्रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीतू को उसके मायके के पास के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।

नीतू के पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी छोटेलाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। हाइवे पर जहां हादसा हुआ वह पट्टी गोविंदनगर थाना क्षेत्र में आती है, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो बर्रा पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। बर्रा थाने में ही रिपोर्ट भी दर्ज हुई।

फोन पर सूचना दे बेहोश हुई पत्नी
पति मनोज को गोद में लेकर पापा छोटेलाल को हादसे की जानकारी देते हुए घायल नीतू भी बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए।

बोलेरो की टक्कर से दंपति और बेटी घायल
कानपुर। महाराजपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दंपति और ढाई साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया है। सरसौल रोशनपुर पाली निवासी सीताराम सुबह गर्भवती पत्नी नीलू को टीका लगवाने महाराजपुर सरकारी अस्पताल जा रहे थे।

साथ में ढाई वर्ष की बेटी परी भी थी। अस्पताल के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो आई और टक्कर मारते हुए निकल गई। पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई जहां उपचार के बाद हैलट रेफर कर दिया गया। दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे में घायल युवक की मौत
कानपुर। कल्याणपुर से बिठूर जाते समय टेंपो पलटने गंभीर रूप से घायल महेंद्रपाल सिंह (35) की मंगलवार को हैलट में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह उन्नाव के जालिमपुर गांव का रहने वाला था।

पिता भगवानदीन ने बताया कि रविवार को हादसे के बाद महेंद्र को पुलिस ने हैलट में भर्ती कराया था। कल्याणपुर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

भौंती हाईवे किनारे लहूलुहान शव मिला
कानपुर। सचेंडी थाने के भौंती हाईवे किनारे मंगलवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। सचेंडी एसओ ने बताया कि  युवक की उम्र 40 वर्ष के आसपास है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें