रुक-रुककर हो रही बारिश से कोतवाली शिवली के भीखर गांव में एक दीवार व छत
ढह गई। दीवार व छत गिरने से नीचे लेट पांच लोग मिट्टी में दब गए। ग्रामीणों
ने बचाव कार्य कर दबे लोगों को बाहर निकाला। एक बच्चे की मौके पर ही मौत
हो गई। चार घायल परिजनों को जिला अस्पताल भेजा गया।
शिवली कोतवाली
क्षेत्र में दो दिनों से रुक रुककर बारिश हो रही है। इसी बारिश के चलते
भीखर गांव में रामकिशोर के कच्चे मकान की एक दीवार व छत गिर पड़ी। इसी कमरे
में रामकिशोर, उसके बच्चे मनोज, अभिषेक, रश्मि व रूबी लेटी थीं, मलबे में
दब गई। सोमवार की देर रात हुए हादसे को देखकर ग्रामीण बचाव करने के लिए
दौड़ पड़े।
मिट्टी खोदकर सभी को बाहर निकला गया, जिसमें अभिषेक कुमार (9)
की मौके पर ही मौत हो गई। जब कि घायल पिता रामकिशोर, मनोज, रश्मि व रूबी को
इलाज के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। स्थानीय पुलिस भी खबर पाकर मौके पर
पहुंची।
कानूनगो बृजेश दीक्षित ने बताया कि तहसील अकबरपुर प्रशासन की ओर से
डेढ़ लाख रुपये की सहायता राशि का चेक नायब तहसीलदार हेमंत चौधरी ने
परिजनों को दिया। यहां सुरेंद्र सिंह, लेखपाल शिवकांत भी मौजूद थे। ब्लाक
प्रमुख रंजू यादव ने मृतक के प्रति संवेदना जताई है।